सेब के सर्वोत्तम स्वास्थ्य लाभ

आपने यह हज़ारों बार सुना होगा “दिन में एक सेब डॉक्टर को दूर रखता है।” अध्ययन बताते है कि सेब के शक्तिशाली स्वास्थ्य लाभ हैं। सेब पोषण का पावर हाउस है, इसे चमत्कारी फल कहा जाता है। यह सबसे स्वस्थ खाद्य पदार्थों में से एक हैं। यह फाइबर और विटामिन सी से भरपूर होता है और कैलोरी में भी कम होता है। 

सेब में पॉलीफेनोल्स अधिक होते हैं, जो एंटीऑक्सिडेंट के रूप में कार्य करते हैं। ये पॉलीफेनोल्स सेब के साथ साथ इसके छिलके में भी पाए जाते हैं, इसलिए पूरी मात्रा में लाभ प्राप्त करने के लिए इसे छिलके समेत खाएं। 

इन गुणों के कारण सेब अस्थमा और अल्जाइमर रोग के प्रभाव को कम कर सकता है, वज़न नियंत्रण , हड्डियों के स्वास्थ्य, फेफड़ों और पेट एवं आंतों के कार्यों में सहायता करता है।

सेब के पोषक तत्व

एक मध्यम आकार का सेब लगभग (200 ग्राम) में – 

कैलोरी: 104

फैट: 0.3g

सोडियम: 2mg

कार्बोहाइड्रेट: 27.6g

फाइबर: 4.8g

शक्कर: 20.8g

प्रोटीन: 0.5g

पोटेशियम: 214mg

विटामिन सी: 9.2mg

विटामिन ए: 6 mcg

सेब पोटेशियम और बीटा कैरोटीन का अच्छा स्रोत हैं। ये कुछ मात्रा में  विटामिन सी, फोलेट, मैग्नीशियम और कैल्शियम प्रदान करते हैं। 

सेब का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम ( 34-38 ) के बीच होता है।

क्या सेब के बीज जहरीले होते हैं?

सेब के बीज में एमिग्डालिन नामक एक रासायनिक कंपाउंड होता है, जो पाचन एंजाइमों के संपर्क में आने पर साइनाइड छोड़ सकता है। साबुत बीज पाचन तंत्र से अछूते रहते हैं, लेकिन अगर बीज चबाये जाएँ , तो उनमे से विषाक्त निकलते हैं। एक या दो बीज हानिकारक नहीं होंगे, लेकिन बहुत सारे बीज चबाना और निघलना खतरनाक हो सकता है।

 

सेब के स्वास्थ्य लाभ

1. सेब पाचन प्रक्रिया में मदद करता है 

सेब में पेक्टिन नामक फाइबर की मात्रा अधिक होती है। सेब में मौजूद पेक्टिन फाइबर पाचन प्रक्रिया में मदद करता है। यह कब्ज और पेट के सभी प्रकार के रोगों से बचाता है।

सेब बड़ी आंत में रहने वाले बैक्टीरिया के कार्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह विषाक्त तत्वों और खराब बैक्टीरिया को हटाने में सहायता करता है।

2. एनीमिया के लिए सेब 

एनीमिया एक ऐसी स्थिति है, जब खून में हीमोग्लोबिन की संख्या में कमी होती है। एनीमिया से पीड़ित लोग अपने दैनिक आहार में आयरन के स्रोत को शामिल करके इस समस्या को दूर कर सकते हैं।

सेब आयरन का एक अच्छा स्रोत है और एनीमिया के इलाज में एक बेहतरीन घरेलू उपचार के रूप में कार्य करता है। एनीमिया के सामान्य लक्षणों में नींद की कमी, सिरदर्द , सांस की तकलीफ और थकान शामिल हैं। 

3. सेब थकान व कमजोरी दूर करने में मदद करता है

सेब एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होते हैं और शरीर को डिटॉक्सीफाई करने में मदद करते हैं। सेब ऊर्जा और शक्ति प्रदान करते हैं। दिन भर ऊर्जावान रहने के लिए सेब को अपने दैनिक आहार में शामिल करें।

4. सेब डायबिटीज को नियंत्रित करने में मदद करता है

डायबिटीज से पीड़ित लोगों के लिए ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित करना बहुत आवश्यक है। सेब में मौजूद पॉलीफेनोल पाचन तंत्र द्वारा कार्बोहाइड्रेट के एब्सॉर्ब्शन को कम करने में मदद करता है। यह रक्त प्रवाह में ब्लड शुगर के स्तर के निरंतर उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करने में मदद करता है। जिससे डायबिटीज नियंत्रण में रहती है।

सेब में मौजूद पॉलीफेनोल्स पाचन तंत्र द्वारा ग्लूकोज को एब्सॉर्ब करने में मदद करते हैं। जब ऐसा होता है तो पेंक्रियाज़ से निकलने वाला इंसुलिन ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रण में रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

5. सेब गठिया से लड़ने में मदद करता है

गठिया शरीर के जोड़ों और मांसपेशियों को प्रभावित करता है। पुराने गठिया से पीड़ित लोगों को रोजाना एक सेब का सेवन करने से राहत मिलती है। सेब में बहुत सारे फ्लेवोनोइड्स होते हैं, जो गठिया की उपचार प्रक्रिया में मदद करते हैं। सेब गठिया के दर्द को ठीक करने में मदद करता है।

6. सांस की समस्याओं को ठीक करने में मदद करता है

सेब में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सांस संबंधी समस्याओं का इलाज करने में मदद करते हैं। जब झिल्ली और सेल्स की सूजन से श्वसन प्रणाली कमजोर हो जाती है, तो सांस संबंधी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। नियमित रूप से सेब खाने से सांस संबंधी किसी भी तरह की बीमारी से निपटने में मदद मिलती है। जो लोग अस्थमा से ग्रस्त हैं, उन्हें आहार में सेब को शामिल करना चाहिए।

7. अल्जाइमर रोग के जोखिम को कम करता है

सेब में एंटीऑक्सिडेंट होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव तनाव के खिलाफ मस्तिष्क में कोशिकाओं को सुरक्षा प्रदान करते है। ऑक्सीडेटिव तनाव मुक्त कणों की मात्रा और शरीर की हानिकारक प्रभावों को रोकने में सक्षम होने की क्षमता के बीच असंतुलन का कारण बनती है। इससे टिशुस को नुक्सान पहुँचता है और यह अल्जाइमर का कारण बनती है। सेब में मौजूद फाइटोन्यूट्रिएंट्स अल्जाइमर रोग की संभावना को कम करने में मदद करते हैं।

8. रक्त वाहिकाओं (blood vessels ) पर दबाव को कम करता है

सेब एंटीऑक्सिडेंट का एक बड़ा स्रोत हैं। ये गुण फैट के ऑक्सीकरण प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस प्रक्रिया में ब्लड वेसल्स से ट्राइग्लिसराइड्स और अन्य प्रकार के फैट को हटाना शामिल है। इससे ब्लड वेसल्स की दीवारों पर अधिक दबाव पड़ता है। सेब खाने से इस दबाव से बचा जा सकता है क्योंकि उनमें एक शक्तिशाली फ्लेवोनोइड होता है, जिसे क्वेरसेटिन कहा जाता है। यह फ्लेवोनोइड हृदय के ब्लड वेसल्स में इंफ्लेमेशन को कम करता है।

9. त्वचा के लिए सेब 

सेब के छिलके में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट क्षतिग्रस्त त्वचा जैसे झुर्रियाँ, धब्बे आदि से लड़ने में मदद करते हैं। यह ब्लड सर्कुलेशन में सुधार करने में मदद करता है, जिससे पुराने सेल्स की जगह नए सेल्स बनते हैं और त्वचा चमकदार होती है। 

10. ब्रेन पावर को बढ़ाता है 

सेब को दिमागी शक्ति बढ़ाने से भी जोड़ा गया है। सेब एसिटाइलकोलाइन उत्पादन को बढ़ाता है, जो नर्व सैल और मस्तिष्क के बीच एक मजबूत संचार बनाने में मदद करता है, जो याददाश्त में सुधार करता है।

11. इम्युनिटी बढ़ाता है 

सेब में 10% विटामिन सी होता है, जिसकी हमें हर दिन आवश्यकता होती है। इसके अलावा पेक्टिन से सॉल्युबल फाइबर मिलता है, जो प्रतिरक्षा प्रणाली पर हमला करने वाले रोगाणु से बचाव करता है। बीमारी के बाद सेब तेजी से तंदरुस्त करने में भी मदद करता है।

डिब्बाबंद सेब के रस का सेवन करना हानिकारक है, क्योंकि पैकेज्ड जूस में चीनी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर के ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ा सकती है।

Recommended For You

Avatar

About the Author: Kusum Kaushal

कुसुम कौशल ने उत्तराखंड में स्थित विश्वविद्यालय (हेमवती नंदन बहुगुणा यूनिवर्सिटी) से इकोनॉमिक्स में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। हिंदी उनकी मूल भाषा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
Table of Content